चीख पुकार में बदले खुशी के गीत हर कोई हैरान
बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र में गांव जोगीठेरा निवासी 30 वर्षीय युवक अशोक की हत्या कर दी गई। बुधवार देर रात उसका शव एक दुकान के पास खून से लथपथ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिवार के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों के मुताबिक युवक के सिर पर गहरी चोट है। आशंका है कि किसी ने उसके सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजने के साथ जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई संजीव ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनकी बहन की बरात आनी है। इस लिहाज से घर में तैयारी चल रही थी। बुधवार रात पड़ोस में भी बरात आई थी। अशोक उसी बरात को देखने रात में घर से निकला था। थोड़ी देर बाद उन्हें सूचना मिली कि अशोक को चोट लगी है। वह सड़क पर पड़ा है। परिजन तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अशोक को मृत पाया। रात में मौके पर पहुंची पीआरवी ने एसओ अलीगंज अजय शुक्ला को हत्या की सूचना दी। पुलिस हत्या की वजह का पता करने में जुटी है। मृतक के भाई ने किसी रंजिश से इंकार किया। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया है। अशोक गैस एजेंसी पर काम करता था। बहन की शादी के दिन उसकी हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी स्तब्ध है।