87 साल की उम्र में मनोज कुमार का निधन
बॉलीवुड से बेहद दुखद खबर आ रही है। भारतीय अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहे। 87 साल की उम्र में उन्होंने कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। तमाम फैंस और सेलेब्स दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
देशभक्ति की फिल्मों की वजह से बने 'भारत कुमार'
मनोज कुमार कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे और शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया। वे अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए मशहूर थे और इसी वजह से उन्हें 'भारत कुमार' के नाम से जाना जाता था।
फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "महान दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता, हमारे प्रेरणास्रोत और भारतीय फिल्म उद्योग के 'शेर' मनोज कुमार जी अब हमारे बीच नहीं रहे। यह उद्योग के लिए बहुत बड़ी क्षति है और पूरी इंडस्ट्री उन्हें याद करेगी।"